- 16 सभासदों ने की समस्याओं के निस्तारण की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। कलक्ट्रेट परिसर में बृहस्पतिवार को अघोषित बिजली कटौती व चरमराई पेयजल आपूर्ति और अतिक्रमण को लेकर सभासदों ने कुंदनपाल के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे राजेश श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं को जल्द ही दूर किए जाने की मांग की है।
प्रदर्शन में कहा वर्तमान में भीषण गर्मी पड़ रही है, ऐसे में लगातार अघोषित कटौती की जा रही है। 24 घंटे के सापेक्ष महज 10 घंटे ही आपूर्ति की जा रही है। प्रत्येक 10-15 मिनट में बिजली कटौती की जा रही है। इससे बच्चे व बुजुर्गों का हाल बेहाल हो रहा है। उन्होंने कहा बिजली कटौती में जल्द ही सुधार किया जाए, अन्यथा में आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। सभासदों ने कहा कि कई वार्ड में नलों से पानी नहीं मिल रहा है। विभाग पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पहुंचा पा रहा है। टैंकरों से बुजुर्ग व महिलाएं पानी नहीं भर पातीं हैं। ऐसे में नल से ही आपूर्ति की जाए। विभिन्न वार्ड में अमृत योजना 2.0 के अंतर्गत बिछाई जा रही पाइपलाइन से सड़क व नाली क्षतिग्रस्त कर दी है। जिससे सड़कों पर चलना भी मुश्किल हो रहा है। ऐसे में सड़क व नाली की मरम्मत कराई जाए।
-
अतिक्रमण से चलना तक हुआ दुश्वार
सभासदों ने प्रदर्शन में कहा मुख्यमार्ग व अन्य बाजार की गलियों में सड़क व नाली पर अतिक्रमण हो गया है। इससे राहगीरों को मार्गों पर चलना तक मुश्किल हो रहा है। कई बार जाम की स्थिति बन रही है। जहां पर घंटों तक खड़ा रहना पड़ता है। नालियों की सफाई नहीं होने से मच्छर पनप रहे हैं।
-
प्रदर्शन में यह सभासद रहे मौजूद
सभासद मनमोहन चौबे, गिरीश पाठक, आलोक जैन मयूर, सोन सिंह यादव, धर्मवीर कुशवाहा, आनंद भूरे यादव, अफजुल रहमान, रमेश प्रसाद गांधी, जानकी कुशवाहा, अमित नायक, अरविंद राजा, विवेक दरौनियां, अमित कुशवाहा, गिरधारी कुशवाहा, विनोद कुशवाहा आदि मौजूद रहे।