ललितपुर। जमीन के विवाद में एक परिवार के साथ मारपीट करने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने नगर पालिका पार्षद सहित चार लोगों पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मुहल्ला पिसनारी इलाके में रहने वाली रामकली पत्नी भगोने ने कोतवाली पुलिस को बताया कि देर शाम पार्षद सुरेंद्र यादव उर्फ भैया यादव अपने तीन साथियों के साथ उसके घर में घुस आया। महिला ने बताया कि पार्षद से उसका एक जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। पिसनारी तिराहे पर स्थित उसकी जमीन को लेकर कई बार सर्वे भी हो चुका है।
सोमवार की देर शाम आए पार्षद ने अपने साथियों समेत असलहा, लाठी, डंडों और कुल्हाड़ी आदि से हमला कर दिया। हमले में रामकली के अलावा जसोदा पत्नी बालचंद्र रैकवार, संतोष पुत्र बालचंद्र, गुड्डी पत्नी छोटेलाल, सविता पत्नी गेंदालाल, गेंदालाल पुत्र बालचंद्र घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घायलों का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया। कोतवाली पुलिस ने जसोदा की तहरीर पर सुरेंद्र यादव, जितेंद्र खटीक, विक्टर और सोनू खटीक पर घर में घुसकर मारपीट करने का मामला दर्ज कर लिया है।
लंबे समय से चल रहा विवाद
मुहल्ला पिसनारी तिराहे पर स्थित जमीन पर निवास कर रही रामकली ने बताया कि बस्ती बन जाने के कारण उसकी जमीन की कीमत काफी बढ़ गई है। इस कारण से कई दिनों से उस पर जमीन पर बेचने का दबाव बनाया जा रहा है। रामकली का आरोप है कि पिछले दिनों पार्षद ने दूसरे नंबर की जमीन खरीदी और इस रजिस्ट्री के आधार पर वह उसकी जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं।
इस जमीन के विवाद को लेकर राजस्व विभाग की टीम ने सर्वे भी किया और रामकली रैकवार परिवार की जमीन बताया था। लंबे समय से चल रहे इस विवाद में सोमवार को मारपीट हुई, जिसमें महिलाओं के साथ अभद्रता भी की गई। पीड़ित महिलाआें ने मंगलवार की दोपहर जिला अस्पताल में बताया कि इलाज कराने आने के दौरान आरोपियों ने घेरकर राजीनामा करने का दबाव बनाया है।
हल्की धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
घर में घुसकर उत्पात मचाने के मामले में पुलिस ने हल्की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पीड़ितों का आरोप है कि हल्की धाराओं में मामला दर्ज होने के कारण हमलावरों के हौसले बुलंद है। इसी कारण मुकदमा दर्ज होने के बाद भी पीड़ितों को लगातार जान से मारने की धमकी व जमीन छोड़ कर जाने का दबाव बनाया जा रहा है।