ललितपुर। जनपद में कोरोना संक्रमण का खतरा लगातार बढ़ता रहा है। शहर में जहां कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए विभिन्न आयोजनों पर रोक लगा दी गई है। समारोहों में निर्धारित संख्या में अनुमति मिल रही है। शहरवासी मास्क एवं सोशल डिस्टेंसिंग के साथ बचाव कर रहे हैं। लेकिन, ग्रामीण क्षेत्रों में संक्रमण तेजी से पांव पसार रहा है।
दस दिन पहले जहां जिले में कोरोना संक्रमण की दर 1.68 तक थी, वहीं अब यह दर बढ़कर 2.41 तक पहुंच गई है। रविवार को जिले में कुल 599 नए कोरोना संक्रमित पाए गए थे, जिनमें अकेले शहर में तो सिर्फ 180 नए मरीज मिले थे, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 354 नए कोरोना संक्रमित मरीज पाए गए थे। ऐसी ही स्थिति सोमवार को भी देखने को मिली, जब जिले में कुल 249 नए संक्रमित मरीज जांच में मिले हैं। अकेले शहरी क्षेत्र में 85 नए मरीज पाए गए, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में 145 नए संक्रमित पाए गए हैं। कई बार तो एक कस्बा में ही तीस से पैंतीस नए मरीज पाए जा रहे हैं। इसका कारण यह है कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोग अब भी सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क एवं बचाव के अन्य उपाय करने से कतरा रहे हैं। इसका ताजा उदाहरण वर्तमान में रविवार व सोमवार को पंचायत चुनाव की मतगणना के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग की जमकर धज्जियां उड़ाने वाली तस्वीरें देखने को मिलीं, जिससे संक्रमण् का खतरा और अधिक बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।