ललितपुर। थाना मड़ावरा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम लुहर्रा में खेत में मूंग की फसल में पानी देने के दौरान बिजली का करंट लगने से एक किसान की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम लुहर्रा निवासी राजेश अहिरवार (26) पुत्र पुनुआ अहिरवार ने खेत में मूंग की फसल बोई है। वह रविवार की शाम को करीब साढ़े पांच बजे मूंग की फसल में पानी दे रहा था। इसी दौरान खेत से निकला बिजली का तार छू गया, जिससे करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पास में उसका बेटा खेल रहा था। उसने यह देखकर कुछ दूर बने घर में जाकर मां को बताया, जिस पर परिवारजन और रिश्तेदार वहां पहुंच गए। जानकारी मिलने पर मड़ावरा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के मामा ग्राम चौका निवासी गनेश ने बताया कि राजेश तीन भाई व एक बहन में सबसे बड़ा था। तीन दिन पहले राजेश के छोटे भाई दिलीप की शादी हुई थी, जिससे पर घर में खुशी का माहौल था। लेकिन, राजेश की मौत से माहौल मातम में बदल गया। मृतक के एक बेटा व एक बेटी है।