ललितपुर। सरकार द्वारा लगातार कोरोना संक्रमण की संभावित तीसरी लहर को लेकर सतर्क किया जा रहा है, लेकिन लोग लापरवाह नजर आ रहे हैं। ऐसे में हम खुद तीसरी लहर को आमंत्रण दे रहे हैं। शहर के मुख्य बाजारों में काफी भीड़ नजर आ रही है। वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियों को बिठाया जा रहा है।
तीसरी लहर को लेकर विशेषज्ञ लगातार सतर्कता बरतने के लिए चेता रहे हैं। साथ ही लॉकडाउन हटने के बाद दी गई छूट को बंद करने की चेतावनी दे रहे हैं। ऐसे में कोविड बचाव के नियमों का पालन नहीं किया गया तो तीसरी लहर को रोकना असंभव है। ऐसे में कोरोना से बचाव को लेकर जागरूक रहें और नियमों का पालन करें।
लेकिन तमाम चेतावनियां व अलर्ट जारी होने के बाद भी अधिकांश लोग लापरवाही बरतने से बाज नहीं आ रहे हैं। स्थिति यह है कि बाजारों में सामाजिक दूरी का पालन नहीं हो पा रहा है। जगह-जगह भीड़ बनी हुई है। इनमें कई तो मास्क तक नहीं लगा रहे हैं। वहीं दो पहिया वाहन चालक भी तीन सवारियों के साथ बिना मास्क के चल रहे हैं। वहीं, बड़े वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियों को ले जा रहे हैं। ऐसे में तीसरी लहर को रोकना मुश्किल साबित हो रहा है।
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए अनावश्यक रूप से भीड़ में जाने से बचें। सामाजिक दूरी का पालन करें। समय-समय पर हाथों को साबुन से या सैनिटाइजर से साफ करते रहें। - प्रोफेसर आशुतोष यादव
संक्रमण से बचाव के लिए रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले पौष्टिक आहार लें। किसी भी तरह की समस्या होने पर चिकित्सक से परामर्श लें और कोविड नियमों का पालन करें। - डॉ. राजकुमार जैन, अध्यक्ष आईएमए
कोविड से बचाव के लिए सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करें। बिना मास्क के घर से बाहर न निकलें। आवश्यकता होने पर ही घर से बाहर जाएं। बुजुर्गों और बच्चों का ख्याल रखें। - रामपाल झा, व्यापारी
कोरोना वायरस संक्रमण से बच्चे, बुजुर्ग व गंभीर बीमारियों से ग्रसित लोगों का विशेष ख्याल रखें। बाहर निकलने की स्थिति में सावधानियां बरतें। कोई परेशानी होने तुरंत डॉक्टर को दिखाएं। - रामरतन कुशवाहा एडवोकेट