ललितपुर। कोरोना संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। मेडिकल कॉलेज में मरीजों को चिह्नित करने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें अलग वार्ड में भर्ती कराने की तैयारी है। वहीं, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले मरीजों में कोरोना संक्रमण के लक्षणों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मेडिकल कॉलेज में कोरोना की जांच प्रारंभ कर दी गई है। सर्दी-जुकाम व खांसी के मरीजों पर विशेष ध्यान रखा जा रहा है। कॉलेज प्रशासन ने कोरोना के लक्षण वाले मरीजों को भर्ती करने के अलग वार्ड की व्यवस्था की है। सैनिटाइजर का प्रयोग व सर्दी-जुकाम के मरीजों को मास्क लगाने की सलाह दी जा रही है। हालांकि, जिले में अभी एक भी मरीज कोरोना का नहीं मिला है।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. डीनाथ ने बताया कि शासन के निर्देश पर सर्दी-जुकाम के मरीजों पर निरंतर नजर रखी जा रही है। चिकित्सकों को भी कोरोना संक्रमण की आशंका होने पर तत्काल जांच के आदेश जारी किए हैं।
ऑक्सीजन उपकरणों को किया जाएगा दुरुस्त
संक्रमण फैलने के पहले ही ऑक्सीजन उपकरणों की जांच कराकर उन्हें दुरुस्त करने की तैयारी की जा रही है। हालांकि, मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन प्लांट चालू हालत में है, लेकिन महरौनी व तालबेहट के ऑक्सीजन प्लांट खराब हैं। उन्हें दुरुस्त कराने के लिए तैयारी की जा रही है।
वर्जन
शासन के निर्देश पर जिला मुख्यालय पर तैयारियां की जा रही हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर अभी ऐसी व्यवस्था नहीं की जा रही है। -डॉ इम्तियाज अहमद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी।