ललितपुर। जिला अस्पताल में कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर के प्रकोप से विभिन्न बीमारियों के ऑपरेशन में 85 फीसदी की गिरावट आई है। यहां सामान्य दिनों में एक माह में तीन सौ ऑपरेशन के सापेक्ष अप्रैल माह में मात्र 44 आपॅरेशन हुए हैं।
जनपद में कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर का प्रकोप दो अप्रैल से शुरू हो गया था। जिसके बाद संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती गई। बढ़ते संक्रमण के साथ संक्रमितों की मौत का आंकड़ा बढ़ने लगा। वैश्विक बीमारी का कहर बढ़ने से लोग दहशत में आ गए और मरीज अस्पताल से किनारा करने लगे।
स्थिति यह रही कि जिला अस्पताल में विभिन्न बीमारियों के मरीज भी उपचार कराने नहीं आए। इसका कारण मरीजों को उपचार के पहले कोविड जांच कराना अनिवार्य था। कोविड जांच से बचने के लिए अधिकांश मरीज अस्पताल में नहीं आए। इससे अस्पताल में मेजर व माइनर ऑपरेशन की संख्या भी भारी गिरावट आई।
जिला अस्पताल में सामान्य दिनों में अस्पताल में प्रतिमाह हड्डी व जोड़, सर्जन, ईएनटी, आंख, आदि के माइनर व मेजर समेत लगभग तीन सौ ऑपरेशन किए जाते थे। जिला अस्पताल के अप्रैल माह के आंकड़ों पर नजर डालें तो 26 मेजर ऑपरेशन किए और 18 माइनर ऑपरेशन किए गए। इनमें नेत्र सर्जन, ईएनटी, सर्जन चिकित्सकों ने किए हैं।
------
मई में अब तक नहीं हुआ एक भी ऑपरेशन
कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर की चपेट में जिला अस्पताल के कई चिकित्सक व कर्मचारी चपेट में आ गए और संक्रमित हो गए। स्थिति यह रही कि बीते माह के अंतिम सप्ताह में छह चिकित्सक व कई कर्मचारी संक्रमित होने से अस्पताल में मरीजों को मई माह में सुविधाएं नहीं मिली। इससे एक भी ऑपरेशन नहीं किया गया।