ललितपुर। इस बार कोरोना वायरस के फैलने का खतरा सभी जगह मंडरा रहा है। इससे आईपीएल मैच भी अछूते नहीं हैं। इन मैचों को लेकर अब तक स्थिति सामान्य नहीं हो पाई है। स्टेडियम से दर्शकों को आउट किए जाने की चर्चाओं से युवाओं में मायूसी देखी जा रही है।
आईपीएल 2020 का आगाज 29 मार्च से होना था, लेकिन दर्शकों में मायूसी इस बात की भी है कि अब उन्हें आईपीएल मैचों के लिए और इंतजार करना होगा। साथ ही कुछ फैंस इसलिए भी मायूस नजर आ रहे हैं, क्योंकि वह अब स्टेडियम में अपने फैवरेट खिलाड़ियों का प्रदर्शन नहीं देख पाएंगे।
बीसीसीआई ने शुक्रवार को कोरोना वायरस के कारण 29 मार्च से शुरू होने वाली इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) को 15 अप्रैल तक निलंबित कर दिया है। बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने एक बयान में कहा कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने कोरोना वायरस (कोविड-19) के कारण उत्पन्न हुए हालात के खिलाफ ऐहतियाती कदम के तहत आईपीएल 2020 को 15 अप्रैल 2020 तक निलंबित करने का फैसला किया है। इससे पहले दिल्ली सरकार ने कहा था कि स्वास्थ्य संकट के कारण राजधानी में किसी भी खेल गतिविधि को अनुमति नहीं दी जाएगी और इसके बाद बीसीसीआई ने यह फैसला लिया। बीसीसीआई के बयान ने स्पष्ट कर दिया है कि यह ‘निलंबन’ है ‘स्थगित करना नहीं’ जिसका मतलब है कि इस पर कोई स्पष्टता नहीं है कि यह टूर्नामेंट 15 अप्रैल से शुरू होगा या नहीं। आईपीएल में हुई हलचल से जनपद के युवा मायूस नजर आ रहे हैं।
आईपीएल साल भर में एक बार आता है, और इसका लुप्त स्टेडियम न उठा पायें तो यह हम युवाओं के लिए अच्छी खबर नहीं है।
- इंद्रराज दुबे
हम लोग इस बार स्टेडियम में जाकर आईपीएल का आनंद लेना चाहते थे। लेकिन कोरोना वायरस की वजबह से मैच में देरी और बिना दर्शकों के मैच होने की बातों को सुनकर पूरा प्लान गड़बड़ा रहा है।
- ब्रजेश नामदेव
आईपीएल होना चाहिए, साल भर का आनंद मात्र कुछ ही दिनों में इन मैचों द्वारा मिलता है। अगर आईपीएल, स्टेडियम में बिना दर्शकों के होगा तब भी उतना मजा नहीं आएगा।
- दीनू सिंह राजपूत
विदेशी खिलाड़ियों के बिना आईपीएल कराने का कोई मतलब नहीं है। वैसे भी विदेशी खिलाड़ी व्यावसायिक वीजा के अंतर्गत आएंगे जो छूट दी जानी वाली श्रेणी में शामिल नहीं है। कुल मिलाकर अभी तक हम युवाओं के लिए कोई अच्छी खबर नहीं आई है।
- शिवम गर्ग