ग्राम प्रधानों, कोटेदारों व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
मड़ावरा। ब्लॉक मुख्यालय स्थित अटल सभागार में राष्ट्रीय ग्रामीण स्वराज अभियान के तहत एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सभी पात्र ग्रामीणों के आयुष्मान कार्ड, किसान आईडी बनवाने तथा स्वयं सहायता समूहों के गठन में सहयोग करने के लिए ग्राम प्रधानों व ग्राम सचिवों को निर्देश दिए गए।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने विभागीय कार्मिकों से अभियान में सक्रिय सहयोग करने को कहा। वहीं मनरेगा समन्वयक ने सभी ग्राम प्रधानों से जनहित कार्यों में सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया। पूर्ति अधिकारी एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी ने कोटेदारों व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आयुष्मान कार्ड तथा फार्मर आईडी बनवाने में आवश्यक सहयोग करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी पात्र ग्रामीणों के आयुष्मान कार्ड बन जाने से उन्हें पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क स्वास्थ्य लाभ प्राप्त होगा। साथ ही किसान की फार्मर आईडी बन जाने से विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उन्हें आसानी एवं पारदर्शिता के साथ मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से युवतियों व महिलाओं को जोड़ने से वे आत्मनिर्भर बनेंगी और उनका जीवन स्तर बेहतर होगा। इसके साथ ही उन्होंने कृषि, स्वास्थ्य एवं पंचायत राज विभाग को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी इंतियाज अहमद, जिला पंचायत राज अधिकारी कुंवर सिंह यादव, मनरेगा डीसी, बीडीओ रमेश यादव, आलोक दुबे, तुषार कटारिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, ग्राम प्रधान, कोटेदार आदि उपस्थित रहे।