फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lalitpur News: स्कूलों में पढ़े जाएंगे समाचार पत्र, प्रार्थना सभा में होगा समाचार वाचन

विज्ञापन
विज्ञापन
बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को जारी किया निर्देश
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी

ललितपुर। विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों में पठन-पाठन की अभिरुचि विकसित करने और स्क्रीन टाइम कम करने के उद्देश्य से अब पुस्तकों के साथ-साथ समाचार पत्रों को भी विद्यालय की पठन संस्कृति का हिस्सा बनाया जाएगा। बच्चे नियमित रूप से समाचार पत्र पढ़ेंगे और प्रार्थना सभा में समाचारों का वाचन किया जाएगा। इस संबंध में बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
बेसिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए लगातार नई गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में छात्रों में पढ़ने की रुचि बढ़ाने और मोबाइल व अन्य डिजिटल उपकरणों पर निर्भरता कम करने के लिए अब विद्यालयों में प्रतिदिन समाचार पत्र पढ़ने की व्यवस्था की जाएगी। विद्यालयों एवं पुस्तकालयों में हिंदी व अंग्रेजी के समाचार पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे।
विज्ञापन

प्रत्येक दिन विद्यालयों में आयोजित होने वाली प्रार्थना सभा में लगभग दस मिनट समाचार वाचन के लिए निर्धारित किए जाएंगे। इसमें संपादकीय लेखों के अंश, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय, खेल तथा अन्य प्रमुख समाचार पढ़कर सुनाए जाएंगे। साथ ही प्रतिदिन समाचार पत्र से पांच नए व कठिन शब्दों का चयन कर उनका अर्थ छात्रों को समझाया जाएगा।
छात्रों को समाचार पत्रों की संरचना और प्रस्तुतीकरण की जानकारी भी दी जाएगी। विद्यालय स्तर पर मासिक या त्रैमासिक समाचार पत्र अथवा मैगजीन तैयार कराई जाएगी, जिसका संपादन छात्रों की टीम द्वारा किया जाएगा। कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों से विज्ञान, पर्यावरण और खेल से संबंधित समाचारों की कटिंग एकत्र कर स्क्रैप बुक तैयार कराई जाएगी।
इसके अतिरिक्त छात्रों की तार्किक क्षमता बढ़ाने के लिए सप्ताह में एक दिन समाचार पत्रों में प्रकाशित सुडोकू, वर्ग पहेली और ज्ञानवर्धक क्विज हल करने की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। संपादकीय विषयों पर समूह चर्चा भी कराई जाएगी।
विज्ञापन

बीएसए रणवीर सिंह ने बताया कि शासन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर योजना का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन प्रार्थना सभा में समाचार पत्रों के समाचारों का वाचन अनिवार्य रूप से कराया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें