संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। स्टेशन के लूप लाइन पर प्लेटफार्म न होने से समय से पहले आने वाली ट्रेनों को मेन लाइन पर खड़ा करना पड़ता है। वहीं, मेन लाइन खाली न होने पर जीरोन व दैलवारा में ट्रेनों को खड़ा करना पड़ता है। सालभर से चल रहे प्लेटफार्म चार का निर्माण भी अब तक पूरा नहीं हो पाया है।
टीकमगढ़ लाइन प्रारंभ होने से ललितपुर स्टेशन जंक्शन बन गया है। पहले प्लेटफार्म नंबर एक लूप लाइन पर था, लेकिन अब वह टीकमगढ़ मुख्य लाइन से जोड़ दिया गया है। दिल्ली व मुंबई मार्ग पर अप और डाउन लाइन की गाड़ियां जो समय से पूर्व आ जाती हैं, उन्हें जीरोन व दैलवारा रेलवे स्टेशन पर रोक दिया जाता है। क्योंकि पीछे से थ्रो गाड़ी निकालने के लिए मेन लाइन खाली नहीं होती है। इससे सबसे ज्यादा परेशानी सामान्य कोच के यात्रियों को होती है। उन्हें स्टेशन पर पीने के लिए न तो पानी मिलता है न ही खाने की कोई सामग्री उपलब्ध होती है। पिछले एक वर्ष से प्लेटफार्म चार का निर्माण चल रहा है, लेकिन वह भी अभी तक पूरा नहीं हो पाया है, इससे भी यात्रियों को असुविधा हो रही है।
-
टीकमगढ़ मेन लाइन के लिए ललितपुर टाउन स्टेशन बनाया जा रहा है, जिसका जल्द ही कार्य पूर्ण होगा। प्लेटफार्म नंबर चार का भी कार्य जल्द पूर्ण कराया जाएगा।
मनोज कुमार, पीआरओ