दुकान के बाहर रखी भवन निर्माण सामग्री। संवाद
ललितपुर। जिले में अपना घर बनाने का सपना अब और महंगा हो गया है। सीमेंट, सरिया, गिट्टी, टाइल्स और पाइप सहित अधिकांश निर्माण सामग्री की कीमतों में वृद्धि हुई है। माल भाड़ा बढ़ने से इन सामग्रियों के दाम प्रभावित हुए हैं। पिछले दो से तीन महीनों में निर्माण सामग्री के दामों में तेजी दर्ज की गई है।
खासतौर पर लोहे और सरिया के दाम काफी बढ़े हैं। पहले 45 रुपये प्रति किलो के आसपास बिकने वाली सरिया अब 55 से 60 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। वहीं, एक अन्य प्रकार की सरिया 40 से 45 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 58 से 60 रुपये प्रति किलो तक बिक रही है। पाइप की कीमतों में भी करीब 20 से 30 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी बताई जा रही है। गिट्टी और टाइल्स की कीमतें भी बढ़ गई हैं। माल भाड़ा बढ़ने के कारण बजरी, ईंट और सीमेंट के दाम भी बढ़ाए गए हैं। निर्माण सामग्री महंगी होने से मकान बनवाने वालों का बजट बिगड़ रहा है। पिछले वर्षों की तुलना में इस बार भवन निर्माण कराने वालों की संख्या में कमी आई है।
00000000
कारोबार पर असर
रेलवे स्टेशन रोड स्थित कृष्णा टॉकीज के पास के बिल्डिंग मैटेरियल सप्लायर गुड्डू जैन ने बताया कि पिछले दो से तीन महीनों में निर्माण सामग्री के दामों में काफी बदलाव आया है। दाम बढ़ने से मांग अधिक नहीं है। इससे निर्माण सामग्री के कारोबार पर भी नकारात्मक असर पड़ा है।
भवन निर्माण सामग्री की तुलनात्मक दरें (तीन माह)
सामग्री पहले और अब
सरिया - 5200 - 6000 रुपये प्रति क्विंटल
गिट्टी - 550 - 650 रुपये प्रति टन
सीमेंट 280 - 320 रुपये प्रति बोरी
गुम्मा - 7000 - 7500 रुपये प्रति हजार
पाइप 50 - 80 रुपये प्रति फुट