शनिवार को कोतवाली सदर अंतर्गत एक मोहल्ले के युवक को कोतवाली पुलिस शांति भंग के आरोप में पकड़कर लाई। यहां आवश्यक कार्रवाई करने के बाद एक पुलिसकर्मी व होमगार्ड के साथ युवक का मेडिकल परीक्षण कराने के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। मेडिकल कॉलेज में किसी बात को लेकर पुलिसकर्मी ने अपना आपा खो दिया और युवक को एक के बाद एक चार तमाचे मार दिए। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी बार्ड में अचानक हुई इस घटना को देखकर वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए। इस बीच वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो वायरल होने के बाद जहां पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं पुलिस पूरी घटना की जांच करने की बात कह रही है। वहीं पुलिसकर्मी के आपा खोकर युवक को तमाचा मारने को लेकर प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उक्त युवक नशे में था और वह मेडिकल परीक्षण के दौरान अस्पताल के स्टाफ सहित पुलिसकर्मी को गालियां दे रहा था।
जिसको रोकने का काफी प्रयास किया गया था, लेकिन जब वह नहीं माना तो पुलिसकर्मी आपा खो बैठा था और उसने युवक को तमाचा मार दिए थे। सीओ सदर अजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।