ललितपुर। देश से भगोड़े जाकिर नाइक के समर्थन में विवादित पोस्ट करने के मामले में महिला थाना में तैनात सिपाही को पुलिस अधीक्षक ने लाइन हाजिर कर दिया है। मामले में सीतापुर के एक महंत ने सिपाही की पोस्ट को ट्वीट करके पुलिस अफसरों से कार्रवाई की मांग की थी।
महिला थाना में तैनात सिपाही (चालक) मुशीर अहमद ने भगोड़े जाकिर नाइक की धर्मांतरण वाली विवादित पोस्ट को सोशल मीडिया पर शेयर किया था। इसे लेकर सीतापुर के महंत बजरंग मुनि ने नौ दिसंबर को पुलिस अफसरों को ट्वीट करके सिपाही द्वारा की गई विवादित पोस्ट की जांच की मांग की थी। उन्होंने सिपाही के आतंकी नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताते हुए एनआईए से जांच कराए जाने की मांग की थी। सिपाही पर आरोप लगाया गया कि बिहार का एक व्यक्ति फेसबुक प्रोफाइल बनाए है, जिसमें चार लाख से अधिक लोग जुड़े हैं। पुलिस कर्मी भी उसके ग्रुप का सदस्य है। आरोप यह भी था कि जाकिर नाइक के भाषणों को बैन करने के बाद भी सिपाही ने उसके भाषणों को शेयर किया। इसके अलावा कांस्टेबल ने रामायण की सीता का रोल निभाने वाली अभिनेत्री को बुर्के में दिखाने वाला लिंक भी शेयर किया है। मामले में पुलिस अधीक्षक गोपाल कृष्ण चौधरी ने सिपाही मुशीर अहमद को लाइन हाजिर कर दिया है और जांच सीओ सिटी को सौँप दी है।
सोशल मीडिया से एक प्रकरण सामने आया है। जिसमें एक सिपाही ने कोई आपत्तिजनक पोस्ट शेयर की है, जो अक्तूबर नवंबर माह की है। इसका संज्ञान लेकर इसकी जांच सीओ सिटी को दी गई है। सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया गया है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
-गोपाल कृष्ण चौधरी, पुलिस अधीक्षक।