ललितपुर। फायर सर्विस डीआईजी जुगल किशोर ने सोमवार को अग्निशमन विभाग के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण कर निर्धारित समयावधि में निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने तहसीलों व ब्लॉक मुख्यालय पर अग्निशमन गाड़ियों की उपलब्धता कराए जाने की बात कही।
फायर सर्विस डीआईजी लखनऊ जुगल किशोर सोमवार को कोतवाली परिसर स्थित अग्निशमन विभाग के कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने अग्निशमन विभाग के कार्यालय एवं आवासीय भवनों के प्रोजेक्ट की जानकारी लेकर गुणवत्तापरक निर्माण समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने भवन निर्माण में काटे गए पेड़ों को लगवाने के निर्देश दिए। निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण कर गुणवत्ता की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि भवन 31 दिसंबर तक बनाकर तैयार किया जाना है। आवासीय और कार्यालय का निर्माण करीब 13.50 करोड़ की लागत से किया जा रहा है। जनपद में आवश्यकतानुसार अग्निशमन गाड़ियां उपलब्ध कराई जाएंगी। कहा कि अब शासन के निर्देश पर सभी तहसीलों एवं ब्लॉक मुख्यालयों पर अग्निशमन विभाग के कार्यालय खोले जाएंगे।
आग से बचाव को जागरुकता जरुरी
डीआईजी ने कहा कि आग बुुझाने के लिए लोगों को अग्निशमन विभाग के आपातकालीन नंबर 101 की जानकारी एवं आग से सुरक्षा बचाव के लिए जागरूकता जरूरी है। महिलाएं साड़ी बांधकर या सूट पहनकर ही खाना पकाएं, इससे आग लगने की संभावना कम होती है। स्कूल, कॉलेज व सार्वजनिक स्थानों पर अग्निशमन विभाग द्वारा जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।