ललितपुर। दिवाली के त्योहार पर दूसरे राज्यों व शहरों से घर लौट रहे लोगों के कारण ट्रेनों में भारी भीड़ है। शुक्रवार को धनतेरस के दिन दोनों रूटों की ट्रेनों में यात्रियों को काफी परेशानी हुई। लोग कोच की गैलरी और गेटों पर खड़े होकर यात्रा करने को मजबूर थे। सीटों पर भी यात्री धंसकर बैठे नजर आए। स्लीपर कोचों में आरक्षण के बावजूद भीड़ अधिक होने से यात्रियों को दिक्कत हुई। कई लोगों ने तीन महीने पहले ही आरक्षण करा लिया था, जबकि कुछ को तत्काल रिजर्वेशन मिला। बहुत से लोगों को आरक्षण नहीं मिल पाया, जिससे वे बिना सीट के ही यात्रा कर रहे थे।
डाउन रूट की पंजाबमेल, झेलम एक्सप्रेस, अमृतसर एक्सप्रेस, कुशीनगर एक्सप्रेस और दक्षिण एक्सप्रेस में यात्रियों को सीट नहीं मिली। वे कोचों की गैलरी और गेटों के पास खड़े होकर यात्रा करते दिखे। जिनका टिकट कंफर्म नहीं हुआ, वे स्लीपर कोचों में धंसकर लौटे। जनरल कोचों में पैर रखने की भी जगह नहीं थी। स्लीपर सीटों पर आरक्षण के बाद भी तीन की जगह पांच से छह यात्री यात्रा करते नजर आए।