ललितपुर। शहर के मोहल्ला सिविल लाइन निवासी संतोष कुमार जैन ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को प्रार्थना पत्र दिया। जिसमें बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह करीब 10:00 बजे वह अपने घर पर था। तभी मोहल्ले का एक युवक आया और उसके घर के बाहर खड़ी कार के दोनों ओर लगे साइड ग्लास तोड़ दिए। इसके साथ कार में भी तोड़फोड़ करने लगा। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी युवक उसके साथ वाद-विवाद करने लगा। साथ में धमकी दी। इतना ही नहीं अपने साथियों को बुलाकर उसे गालियां दीं और कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी। इस पर उसने डायल-112 को कॉल किया तो आरोपी मौके से भाग गए। शिकायती पत्र में पीड़ित ने बताया कि आरोपी युवक अपने आपको जिला पंचायत का कर्मचारी बताता है। पत्र में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं दूसरे पक्ष के बलवीर ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र दिया। जिसमें बताया कि वह जिला पंचायत में राजस्व निरीक्षक के पद पर तैनात है। जिला पंचायत के सरकारी आवास में प्रांगण के पीछे रहता है। उसके आवास के सामने एक व्यक्ति अपनी गाड़ी को उसके दरवाजे के सामने खड़ी करता है। पूर्व में उसके द्वारा कई बार दरवाजे के सामने गाड़ी न खड़ा करने को कहा गया। बृहस्पतिवार को उक्त वाहन स्वामी अपने अन्य लोगों के साथ आया और उसके आवास का गेट तोड़कर गालियां देने लगा। गाड़ी का साइड ग्लास तोड़ने का मुआवजा मांगने लगा। विपक्षियों ने उसे गालियां दीं और धमकी दी। पत्र में आरोप लगाया कि उसके घर के अंदर घुसे और छीना-झपटी करते हुए सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। उसकी पत्नी और बच्चियों को गालियां देते हुए अभद्रता की गई। जिसके चलते उसकी दो तोले की सोने की चेन कहीं गिर गई। पत्र में पीड़ित ने एसपी से कार्रवाई की मांग की है।
एएमए ने लिखा एसपी को पत्र
वहीं इस मामले में जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी विनोद कुमार कुशवाहा ने एसपी को एक पत्र लिखा। जिसमें बताया गया कि बलवीर सिंह जिला पंचायत में कार्यरत हैं। इनको जिला पंचायत प्रांगण में पीछे आवास आवंटित है। जिसमें यह परिवार सहित निवास करते हैं। उनके आवास के पीछे गेट पर एक व्यक्ति द्वारा गाड़ी खड़ी की जाती है। मना करने पर मानते नहीं है। बृहस्पतिवार की सुबह दस बजे उक्त आरोपी लोगों ने बलवीर सिंह के आवास में घुसकर गालियां दीं और सरकारी आवास के गेट को तोड़ दिया। जान से मारने की धमकी दी। पत्र में सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई।