कमीशन बंद होने से कोटेदार नाराज
- फोटो : demo
तालबेहट (ललितपुर)। कमीशन बंद होने से नाराज कोटेदारों ने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर समस्याओं के समाधान की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वह आमरण अनशन करेंगे।
सीएम को भेजे ज्ञापन में उचित दर विक्रेताओं ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में सरकारी राशन सामग्री कमीशन पर वितरण करते चले आ रहे है। वर्तमान समय में उनका कमीशन बंद कर दिया गया है। उन्हें नि:शुल्क सामग्री का वितरण अपने खर्च पर करना पड़ रहा है, इससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कमीशन बंद होने पर मानदेय दिलाने, राशन सामग्री उनकी दुकानों पर भिजवाने की व्यवस्था करने, राशन सामग्री में चल रही घटतौली बंद कराने के लिए इलैक्ट्रिक तराजू से तौल कराने, मिड-डे मील का उठान सीधे विद्यालय भिजवाने तथा उसके भाड़े का बकाया भुगतान शीघ्र कराने, मिट्टी के तेल का डिपो पूर्व की भांति तालबेहट में बनवाने, उचित दर विक्रेताओं को वेतन भोगी बनाने आदि की मांग रखी।
मांगें पूरी न होने पर उन्होंने आमरण अनशन की चेतावनी दी है। ज्ञापन पर उमाशंकर दुबे, महेश रावत, त्रिलोक सिंह आदि के हस्ताक्षर हैं।
एसडीएम ने कसे कोटेदारों के पेच
तालबेहट (ललितपुर)। तहसील सभागार में तहसील के समस्त कोटेदारों की बैठक में उपजिलाधिकारी हरिओम शर्मा ने उनके पेच कसे। उन्होंने कोटेदारों को शासन द्वारा निर्धारित मानकों के आधार पर ही वितरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अच्छा कार्य करने वालों को प्रोत्साहित किया जाएगा। बैठक में पूर्ति निरीक्षक अशोक कुमार, नायब तहसीलदार सुबोध मणि शर्मा आदि मौजूद रहे।