ललितपुर। वित्तीय वर्ष 2016-17 में समाजवादी पेंशन के लाभार्थियों का लक्ष्य बढ़ाने के बाद नगर पालिका में जमा हो रहे आवेदनों की अधिशासी अधिकारी ने समीक्षा की, इसमें तय लक्ष्य से कम आवेदन और आवेदकों में अपात्रों की संख्या अधिक पाई गई।
शासन ने समाजवादी पेंशन के लिए नगर पालिका क्षेत्र में कुल 4,427 लाभार्थियों का लक्ष्य निर्धारित किया है। शहर क्षेत्र के सभी आवेदकों के आवेदन पत्र जमा करने व उनके भौतिक सत्यापन की जिम्मेदारी नगर पालिका को सौंपी गई है। अब तक तीन हजार से अधिक आवेदन ही विभाग को प्राप्त हुए हैं।
शनिवार को नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राकेश कुमार ने समीक्षा की। योजना प्रभारी अभिषेक कुमार चौबे ने बताया कि आवेदन के लिए नगर के सभी 26 वार्डों के लिए अलग-अलग काउंटर की व्यवस्था की गई है। सभी वार्डों में 683 अल्पसंख्यक, 1,162 अनुसूचित जाति वर्ग तथा 2,582 सामान्य/अन्य पिछड़ा वर्ग के लाभार्थियों सहित कुल 4,427 लाभार्थियों को लाभान्वित करने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है।
बैठक में कर निर्धारण अधिकारी अनिल कुमार अरुण, प्रदीप सिंह सौरियाल, रामसेवक वाल्मीकि, रमाकांत तिवारी, सुधीर रावत आदि उपस्थित रहे।
पात्रों के साथ अपात्रों का भी रिकार्ड करें दर्ज
आवेदकों का भौतिक सत्यापन करने वाले सर्वेयरों ने बैठक के दौरान अधिशासी अधिकारी को बताया कि आवेदकों में अपात्रों की अधिक संख्या है। इस पर उन्होंने सर्वेयरों को निर्देश दिए कि वह एक रजिस्टर में सभी आवेदकों के नाम दर्ज करें व सत्यापन के दौरान कार्रवाई की आख्या भी रजिस्टर में दर्ज करें कि किस कारण से आवेदक को अपात्र व पात्र घोषित किया जा रहा है।