ललितपुर। परिवार संग गणेश विसर्जन करने गए कक्षा छह के 12 वर्षीय छात्र रुद्रप्रताप सिंह निवासी ग्राम इमलिया थाना नाराहट सजनाम बांध में डूब गया। परिजन और पुलिस उसे पानी से बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज लेकर आए। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना नाराहट अंतर्गत ग्राम इमलिया कलां निवासी 12 वर्षीय रुद्र प्रताप सिंह शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे अपने परिजनों और गांव के लोगों संग गणेश विसर्जन के लिए गांव के पास स्थित सजनाम बांध पर गया था। मूर्ति विसर्जन के दौरान रुद्र प्रताप भी पानी में चला गया। इस बीच गहरे पानी में जाने से वह डूब गया। यहां मौके पर मौजूद रुद्र प्रताप के परिजनों को जब वह बाहर दिखाई नहीं दिया तो उन्होंने तत्काल पानी के अंदर उसकी खोजबीन की। कुछ ही देर में पानी के अंदर से खोजकर रुद्रप्रताप को अचेतावस्था में बाहर निकाल लिया गया। थाना नाराहट पुलिस सरकारी वाहन में रुद्र प्रताप को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उसके शरीर का परीक्षण करने के बाद मृत घोषित कर दिया। वह तीन भाई-एक बहन में दूसरे नंबर का था और कक्षा छह का छात्र था। किशोर की मौत होने से परिजन मेडिकल कॉलेज में ही विलाप करने लगे। वहीं मौत की सूचना मिलने पर इमलिया कलां गांव में मातम छा गया।
थानाध्यक्ष नाराहट दयाशंकर सिंह ने बताया कि सजनाम बांध पर बने कृत्रिम तालाब में गणेश मूर्ति विसर्जन किया जा रहा था। लेकिन उक्त स्थल पर न आकर गांव वाले बांध के दूसरे स्थान पर मूर्ति विसर्जन कर रहे थे। इसी दौरान किशोर गहरे पानी में चला गया और डूब गया। उसे पानी से बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज लाए। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
कृत्रिम तालाब बनाए जाने के बाद भी हुई घटना
गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान किसी प्रकार की कोई घटना न हो, इसके लिए पुलिस व प्रशासन ने तैयारियां की थी। जलाशयों, नदियों और तालाबों पर विसर्जन के लिए कृत्रिम तालाब बनाए गए थे। यहां पर नाव पर गोताखोरों के साथ-साथ पुलिस को भी तैनात किया गया था। बावजूद इसके सजनाम बांध पर विसर्जन के दौरान किशोर की पानी में डूबने से मौत हो गई। वहीं पुलिस इस घटना को निर्धारित विसर्जन स्थल पर न होकर कुछ दूरी पर बांध में विसर्जन करने के दौरान होने की बात कह रही है।