सभी बीईओ से किए स्पष्टीकरण तलब
ललितपुर। जिले के चिह्नित 11 सह समन्वयकों के खिलाफ प्रस्तावित कार्रवाई के मामले में खंड शिक्षा अधिकारियों का ढुलमुल रवैया उन्हें महंगा पड़ रहा है। बीएसए ने आख्या प्रस्तुत नहीं करने पर सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब कर लिया है।
बेसिक शिक्षा विभाग के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को शैक्षिक सपोर्ट देने के लिए प्रत्येक ब्लाक में विषयवार सह समन्वयकों की तैनाती की गई है। सभी सह समन्वयकों को कक्षावलोकन करने के निर्देश हैं। जब सह समन्वयक विद्यालयों में कक्षावलोकन के लिए पहुंचते हैं तो इसकी सूचना उन्हें ‘ईक्षा’ एप पर अपलोड करनी होती है। जिससे कि उनकी विद्यालय के साथ लोकेशन प्राप्त हो सके।
बीते दिनों विभाग ने सह समन्वयकों द्वारा किए गए कक्षावलोकन की समीक्षा की। इसमें पाया गया कि कई सह समन्वयक साठ प्रतिशत से कम लक्ष्य पूरा कर पाए। इस पर शिक्षा निदेशक बेसिक डॉ. सर्वेद्र विक्रम बहादुर सिंह ने चिह्नित सह समन्वयकों को मूल विद्यालय भेजने के निर्देश दिए हैं। यह कार्रवाई तीस जून तक पूरी करनी है, जिसे ध्यान में रखकर बीएसए मनोज कुमार वर्मा ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों ने सह समन्वयकों का स्वयं आंकलन कर आख्या मांगी थी। लेकिन, खंड शिक्षा अधिकारियों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। इस पर बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया है। इस पूरी कार्रवाई पर शिक्षक निगाह लगाए बैठे हैं।
ये हैं विषयवार सह समन्वयक
ब्लाक बार से गणित विषय के अरविंद सिंह, सामाजिक शिक्षा के संजय कुमार सेन, ब्लाक बिरधा से हिंदी विषय की दीपा सिंधी, विज्ञान विषय की दीप्ति जैन, ब्लाकजखौरा से गणित विषय के बसंत कुमार जैन, सामाजिक शिक्षा के हरीनारायण चौबे, हिंदी विषय की शकुंतला कुशवाहा, नगर से सामाजिक विषय के संजय कुमार श्रीवास्तव, हिंदी के शिवदत्त विदुआ, ब्लाक मड़ावरा से अंग्रेजी विषय की श्रीमति संतोष, ब्लाक महरौनी से हिंदी के सकीराम सह समन्वयक हैं। जिन पर कार्रवाई की तलवार लटक रही है।