कैप्सन - कंटेनमेंट जोन में बैरीकेटिंग करते कर्मचारी
- फोटो : TALDEHATE
तालबेहट/ खांदी। नगर के सिविल लाइन क्षेत्र में रहने वाले व्यक्ति के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर बाद शनिवार को उपजिलाधिकारी मोहम्मद कमर ने मरीज के निवास स्थान के आसपास के क्षेत्र को कंटेनमेंट क्षेत्र घोषित कर दिया। क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर दी गई है।
नगर के तिवरयाना मोहल्ला में एक महिला और कोतवाली में पदस्थ जवान के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई थी। इसके तीन दिन बाद जखौरा स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत कर्मचारी जो नगर के सिविल लाइन क्षेत्र में रहता है, उसके कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद उसे स्वास्थ्य विभाग ने कोविड एल- वन अस्पताल तालबेहट में भर्ती करा दिया है।
इसके बाद उपजिलाधिकारी मोहम्मद कमर, सीओ देवेंद्र कुमार सिंह ने अधिशासी अधिकारी पंकज कुमार सिंह और सेक्टर मजिस्ट्रेट खंड शिक्षाधिकारी के साथ मोहल्ले का भ्रमण किया और लोगों से अपने घरों में रहने की अपील की।
उपजिलाधिकारी ने मरीज के निवास स्थान के क्षेत्र को कंटेनमेंट क्षेत्र घोषित कर दिया। इसकी सीमाएं पूर्व में विनोद करौलिया एवं प्रभात गोस्वामी के मकान, पश्चिम में धर्मेंद्र उपाध्याय का मकान, उत्तर में शिवानी टेंट हाउस की दुकान और दक्षिण में भवानी सिंह का मकान का क्षेत्र है। मोबाइल बैरियर को पश्चिम दिशा में धर्मेंद्र उपाध्याय के मकान के पास बनाया गया है, इस पर पुलिस का पहरा होगा।
उपजिलाधिकारी ने बताया कि कंटेनमेंट जोन के अंदर का व्यक्ति न तो बाहर आ सकेगा और न ही बाहर का कोई व्यक्ति अंदर जा सकेगा। आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति मात्र मोबाइल बैरियर तक होगी। जिला पंचायत राज अधिकारी ललितपुर एवं खंड विकास अधिकारी तालबेहट कंटेनमेंट जोन की साफ- सफाई एवं सैनिटाइजर का प्रबंध करने के अलावा लाउडस्पीकर से उक्त क्षेत्र में प्रतिबंध के संबंध में प्रचार- प्रसार कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। खंड विकास अधिकारी दीपेंद्र कुुमार पांडेय को इस क्षेत्र का सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाया गया है।