महरौनी
(ललितपुर)। क्षेत्र में पटरी से उतरी विद्युत आपूर्ति से परेशान लोगों ने
शनिवार को विद्युत विभाग के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। उन्होंने
उपजिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा, जिससे बिजली व्यवस्था सुचारु कराने की
मांग की गई।
शनिवार को एसडीएम रमेश चंद्र को सौंपे ज्ञापन में बताया
गया कि बानपुर चौराहा स्थिति 400 केवीए क्षमता वाला ट्रांसफार्मर बार-बार
जल जाता है, जिससे टीकमगढ़ रोड, सौजना रोड, बानपुर रोड, खरवांच पुरा,
अथाईपुरा आदि मुहल्लों की विद्युत आपूर्ति लगभग एक पखवाड़े से बाधित हो रही
है। पिछले लगभग 72 घंटों से उक्त क्षेत्र में बिजली गुल होने से लोग
परेशान हैं। इस मौके पर नए ट्रांसफार्मर की व्यवस्था कर आपूर्ति बहाल करने
की मांग की गई। साथ ही कहा गया कि उक्त मुहल्लों में आपूर्ति महरौनी के
फीडर से न होकर ग्रामीण फीडर क्योलारी से हो रही है।
अत: उक्त मुहल्लों को
आपूर्ति महरौनी फीडर से सुनिश्चित कराए जाने की मांग की गई। बताया गया कि
कई स्थानों पर केबल नीचे लटक रही है, जिससे कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है।
मांग की गई कि अतिरिक्त लोड को नियंत्रित करने के लिये 100-100 केवीए
क्षमता वाले पांच अतिरिक्त ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता कराई जाए। एसडीएम ने
एसडीओ विद्युत महेश विश्वकर्मा को बुलाया और आवश्यक दिशा निर्देश देते
हुये शीघ्र ही नये ट्रांसफार्मर उपलब्ध करा कर विद्युत आपूर्ति बहाल की
जाए। उन्होंने बानुपर चौराहा क्षेत्र के ट्रांसफार्मर को महरौनी फीडर से
जोड़ने की बात कही।
ज्ञापन पर शैलेंद्र नायक, देवेंद्र लोंडुआ, पार्षद
विनोद साहू , उदयभानु सिंह, रविंद्र सिंह, सूर्यकांत त्रिपाठी, देवेंद्र
तिवारी, पुष्पेंद्र पटैरिया, विनीत सतभैया, हरीराम, चंद्रभानसिंह, राकेश,
विक्रम सिंह एड, धीरेंद्र सिंघई, आशीष मोदी, राजीव सिंघई, सौरभ राजा, रासिद
अली, अनिल जैन, वीरेंद्र जैन, सामंत भायजी, अरिहंत जैन, प्रदीप चौधरी,
अवधेश नायक, अभिषेक जैन आदि के हस्ताक्षर हैं।