कारीटोरन/ललितपुर। ब्लॉक बार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कारीटोरन में ग्राम प्रधान पद के चुनाव में सड़क, नाली व पानी की समस्या मुद्दा बनती नजर आ रही है। मतदाता प्रत्याशियों से वोट के बदले क्षेत्र के विकास का आश्वासन मांग रहे हैं। इन सबके बीच महिला प्रत्याशी भी अपने पक्ष में माहौल बनाने में लगी हैं।
ग्राम में लंबे समय बाद महिला को प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिल रहा है। 1480 मतदाताओं में से 647 महिला वोटर हैं, वहीं पुरुष मतदाताओं की संख्या 833 है। पूरे चुनाव के दौरान सड़क, नाली व पानी का मुद्दा ही प्रमुख रूप से सामने आ रहा है। अधिकांश ग्रामीण ऐसा प्रतिनिधि चाहते हैं जो गांव में विकास कराए। चुनाव प्रचार में युवा भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। दुकानों और अथाई पर लोग चुनाव की चर्चा करते नजर आते हैं। लोगों का मानना है कि इस बार युवा वोटर निर्णायक साबित हो सकते हैं, क्योंकि अन्य मतदाता मौन है, केवल युवाओं में ही चुनाव को लेकर उत्साह दिखाई दे रहा है। सभी को 19 अप्रैल को होने वाले मतदान का बेसब्री से इंतजार है।
पहली बार अपने वोट से प्रधान चुनने का अवसर मिल रहा है। हम उस प्रत्याशी को अपना वोट देना चाहेंगे जो बिना किसी भेदभाव के गांव का समग्र विकास करे। गांव के सभी मतदाताओं से अपील है कि बिना किसी प्रलोभन के मतदान में भाग लें। विशाल
गांव का प्रतिनिधि ऐसा होना चाहिए जो विकास की सोच रखता हो। ऐसा प्रतिनिधि कतई स्वीकार नहीं है जो प्रधान बनते ही अपने कार्यों में मनमानी शुरू कर दें। एक पढ़े लिखे व्यक्ति से ही गांव के हित में काम करने की उम्मीद की जा सकती है। -आलोक पटैरिया
चुनाव मैदान में यह हैं प्रत्याशी।
ग्राम प्रधान पद हेतु अनीता सेन, अहिल्या राजपूत, आरती पाठक, कल्पना तिवारी, क्रांति कटारे, प्रीति झा,रानी चौबे, रामलली पाराशर, वीरबती राजपूत, शशी पाठक, सामरी पाठक, सोनम गोस्वामी, सोमवती राजपूत। इस प्रकार 13 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं।