चार वर्षीय मासूम समेत चार मिले कोरोना संक्रमित
ललितपुर। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा लिए गए 2711 सैंपलों की जांच में चार वर्षीय मासूम बालक समेत चार व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें 1170 सैंपल आरटीपीसीआर, एंटीजन किट से 1541 व्यक्तियों के सैंपल लिए गए। इनमें बीते दिनों के आरटीपीसीआर सैंपलों की आई रिपोर्ट में दो और एंटीजन किट की जांच रिपोर्ट में दो व्यक्ति संक्रमित पाए गए। संक्रमितों में शहर के मोहल्ला पिसनारी बाग निवासी चार वर्षीय मासूम बालक, तालाबपुरा निवासी 29 वर्षीय महिला, नईबस्ती निवासी 80 वर्षीय व्यक्ति, गल्ला मंडी के पास निवासी 35 वर्षीय महिला कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं, 2432 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है।
- डॉ. देशराज सिंह, एपीडेमियोलॉजिस्ट ने बताया कि जिले में संक्रमितों की संख्या 12683 हो गई है। इनमें अबतक 124 की मौत हो चुकी और 12537 स्वस्थ होकर डिस्चार्ज किए गए। अब जिले में 22 संक्रमितों का उपचार चल रहा है।