संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। तुवन ग्राउंड पर आयोजित एमएलए कप के सेमीफाइनल में चीरा और बिरौरा की टीमों ने विजय हासिल की। इन दोनों टीमों के बीच में रविवार को फाइनल मुकाबला होगा।
सेमीफाइनल में बिरौरा और पिसनारी के बीच हुए मुकाबले में बिरौरा ने जीत दर्ज की। पूरे मुकाबले में पिसनारी संघर्ष करती दिखी। फर्स्ट रनर अप के लिए हुए मैच में भी करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। पिसनारी ने बिरौरा को 84 रन का आसान लक्ष्य दिया। बिरौरा ने 16 गेंद शेष रहते 7 विकेट से मैच जीत लिया। 4 विकेट लेने वाले भगत राजा प्लेयर ऑफ द मैच बने।
दूसरा सेमीफाइनल काफी रोमांचक रहा। पहले बल्लेबाजी करते हुए चीरा ने 111 रन बनाए। ललितपुर इलेवन की बेहतरीन गेंदबाजी ने चीरा को हाथ खोलकर खेलने का मौका नहीं दिया, फिर भी चीरा के सभी बल्लेबाजों ने योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए ललितपुर इलेवन को भी चीरा की मजबूत गेंदबाजी के सामने संघर्ष करना पड़ा, लेकिन चीरा की फील्डिंग ने जीत का रास्ता खोल दिया और संदीप द्वारा बाउंड्री पर लिया गया कैच मैच का टर्निंग प्वाइंट रहा और मैच चीरा के खाते में चला गया। ललितपुर इलेवन 105 रन ही बना पाई और 6 रन से हार गई।
प्लेयर ऑफ द मैच 13 रन बनाने और 3 विकेट लेने वाले मंगल कबूतरा बने। फर्स्ट रनर अप मैच ललितपुर इलेवन और पिसनारी के बीच खेला गया, जो कि औपचारिक रहा और ललितपुर इलेवन ने पिसनारी को बुरी तरह परास्त कर दिया। पिसनारी ने 50 रन बनाए, जिसे ललितपुर इलेवन ने 4 ओवर में ही बना लिया और टूर्नामेंट में तीसरे स्थान पर रहकर 11 हजार का इनाम जीता।
प्लेयर ऑफ द मैच आसिफ अन्ना बने। तौहीद खान, कपिल, जितेंद्र पड़ौरिया ने बाउंड्री के बाहर कैच लपक कर 300 रुपये का इनाम जीता। इस अवसर पर सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, जिला सहकारी बैंक उप सभापति श्रीकांत कुशवाहा, सुरेश टोंटे किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष, नीरज जायसवाल पूर्व प्रधान जखौरा, अनिल रावत, प्रकाश कुशवाहा जिलाध्यक्ष कुशवाहा समाज, डॉ हरिराम राजपूत, तुलसीराम अहिरवार, रामेश्वर पाल, संगठन मंत्री दीपेश राय डब्बू, देवेन्द्र कौशिक, कमलेश अहिरवार आदि उपस्थित रहे।
फाइनल का आकर्षण : रविवार सुबह 11 बजे से फाइनल मैच 20-20 ओवर का खेला जाएगा। बाउंड्री के बाहर कैच पकड़ने वाले को 500 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। ट्रॉफी के साथ फर्स्ट रनर अप को 11 हजार, उपविजेता को 25 हजार और विजेता को 51 हजार का पुरस्कार मिलेगा।