ललितपुर। समाजवादी पार्टी ने समाजवादी विचारक, पूर्व राज्यसभा सांसद और छोटे लोहिया के नाम से मशहूर जनेश्वर मिश्र की जयंती मनाई। वक्ताओं ने उनके राजनीतिक सिद्धांतों व समाजवादी चिंतन के विषय में चर्चा की।
जिलाध्यक्ष नेपाल सिंह यादव ने कहा कि समाजवादी राजनीति की बात हो और जनेश्वर मिश्र का नाम न लिया जाए, यह संभव नहीं है। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव भी समाजवाद पर चर्चा करते समय हमेशा जनेश्वर मिश्र का नाम लेते थे। उन्होंने बताया कि जनेश्वर मिश्र को छोटे लोहिया इसलिए कहा जाता है क्योंकि उन्होंने राम मनोहर लोहिया के साथ काम करते हुए उनके विचारों को अपने जीवन में उतारा। लोग उन्हें लोहिया की छवि के रूप में देखते थे। आज हम ऐसे महापुरुष की जयंती मना रहे हैं, जिन्होंने देश की दिशा बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अन्याय, शोषण, अत्याचार, भेदभाव, पूंजीवाद के खिलाफ आजीवन संघर्ष करते रहे। इस मौके पर जिला महासचिव डॉ शिशुपाल सिंह लोधी, पूर्व जिलाध्यक्ष ज्योति सिंह लोधी, जिला उपाध्यक्ष भजनलाल कुशवाहा, प्रदेश सचिव समाजवादी छात्र सभा राजेंद्र सिंह यादव, जिलाध्यक्ष बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी जिलाध्यक्ष तुलसीराम अहिरवार आदि मौजूद रहे।