ललितपुर। विकास खंड बार की ब्लॉक स्तरीय मिनी बालक्रीड़ा प्रतियोगिता शनिवार को राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में हुई। इसमें कंपोजिट विद्यालय बानपुर ने पीटी प्रदर्शन में जीत हासिल की। जबकि विभिन्न वर्ग की दौड़ प्रतियोगिता में अंशुल, अभियांश, छाया, शिवानी सबसे आगे रहे।
प्रतियोगिता का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी बार शैलजा ब्यास ने किया। कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय बानपुर की छात्राओं ने सरस्वती वंदना व स्वागत गीत प्रस्तुत किया। शुभारंभ से पहले विभिन्न संकुल केंद्रों के बच्चों ने मार्च पास्ट कर सलामी दी। एबीएसए बार और जिला व्यायाम शिक्षक धर्मेंद्र जैन ने बच्चों को खेल शपथ दिलाई। ब्लॉक प्रमुख बार प्रतिनिधि कल्याण सिंह लोधी ने बच्चों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थी जीवन का महत्वपूर्ण अंग है। शैलजा व्यास ने बच्चों के जीवन में खेल के महत्व पर जोर दिया।
000000000
दौड़ प्रतियोगिताओं के विजेता
प्राथमिक स्तर बालिका वर्ग की 50, 100 और 200 मीटर दौड़ में छाया प्रथम रहीं। वह कंपोजिट विद्यालय खजरा से थीं। प्राथमिक बालक वर्ग की 50 मीटर दौड़ में अंशुल विजेता बने। कंपोजिट विद्यालय बानपुर के अभियांश चौरसिया ने 100 और 200 मीटर दौड़ जीती। जूनियर बालक वर्ग की 100 और 200 मीटर दौड़ सौरभ ने जीती। उच्च प्राथमिक विद्यालय वीर के अजय 400 मीटर दौड़ में विजेता रहे। जूनियर बालिका वर्ग में सावित्री, दीक्षा और शिवानी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजयी खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान खंड विकास अधिकारी सर्वेश कुमार,जीआईसी प्रधानाचार्य अनुराग यादव, शेरसिह यादव, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के अरुण गोस्वामी, ब्रजेश चौरसिया, एआरपी विशाल नायक, शिल्पा खरे सहित विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
000000000000
छात्राओं ने बनाया पिरामिड
प्रतियोगिता के शुभारंभ के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने मानव पिरामिड बनाकर संतुलन का प्रदर्शन करते हुए तिरंगा को लहराया।
-
टीम स्पर्धाओं में विजेता हुई टीम
खो-खो प्रतियोगिता के जूनियर बालक वर्ग में उच्च प्राथमिक विद्यालय वीर की टीम विजेता रही, जबकि उच्च प्राथमिक विद्यालय उदयपुरा की टीम उपविजेता बनी। कबड्डी प्रतियोगिता के जूनियर बालक वर्ग में कंपोजिट विद्यालय खजरा ने जीत दर्ज की और कंपोजिट विद्यालय बानपुर की टीम उपविजेता रही। पीटी प्रदर्शन प्रतिस्पर्धा में कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय बानपुर की टीम विजेता घोषित की गई। कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय बानपुर की टीम उपविजेता रही।