ललितपुर। बिजली चेकिंग अभियान में विद्युत टीम को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। विरोध बढ़ने पर हंगामा हो गया, जिससे चेकिंग टीम पिटते-पिटते बच गई। इसके बाद चेकिंग टीम ने अभियान बीच में रोक दिया और वापस आ गई।
उत्तर प्रदेश पावर कार्पोरेशन के निर्देश पर चलाए जा रहे विद्युत चेकिंग अभियान के दौरान सोमवार को विद्युत टीम द्वारा शहर के मुहल्ला रावरपुरा व सरदारपुरा में बिजली चेकिंग की जा रही थी। सोमवार की दोपहर यह टीम रावरपुरा से नारायणपुरा वाले मार्ग पर पहुंची और एक उपभोक्ता के घर बिजली चेकिंग करने लगी।
लेकिन, उक्त उपभोक्ता ने चेकिंग कराने से मना कर दिया और टीम के साथ गालीगलौज करने लगा। इससे हंगामा हो गया। टीम द्वारा गालीगलौज का विरोध करने पर वह कर्मियों से मारपीट करने पर उतारू हो गया, जिस पर चेकिंग टीम ने वहां से आगे बढ़ना उचित नहीं समझा। सूचना मिलने पर पहुंचे अधिकारियों ने पुलिस में प्रकरण की शिकायत करने का निर्णय लिया। हालांकि, विवाद के बाद अधिकारियों द्वारा बीच में बिजली चेकिंग बंद करा दी गई और मामले से उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया।