ललितपुर। स्मार्ट मीटर की मिल रही शिकायतों के मद्देनजर अब जिलाधिकारी ने बिजली अधिकारियों को शिकायतकर्ता के मीटरों की जांच के लिए चेक मीटर लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पहले विद्युत कर्मचारियों के घर स्मार्ट मीटर लगाने और उसके बाद उपभोक्ताओं के घर लगाने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने अब तक लगाए गए चेक मीटरों की रिपोर्ट सार्वजनिक करने के भी निर्देश दिए हैं।
स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिलों में कई गुना इजाफा हो रहा है। इससे आमजन से लेकर खास सभी परेशान हैं। बिजली विभाग में भी रोजाना दर्जनों लोग बिजली का बिल बढ़कर आने की शिकायतें कर रहे हैं, लेकिन अधिकारी अधिक बिजली का उपयोग करने का आरोप लगाते हुए बिना कोई कदम उठाए उपभोक्ताओं को लौटा रहे हैं। उपभोक्ता अब विधायक, मंत्री और जिलाधिकारी के समक्ष भी समस्याएं उठाने लगे हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी के पास स्मार्ट मीटर की शिकायतें आने पर उन्होंने अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिया कि जो उपभोक्ता शिकायत कर रहे हैं, उनके घर चेक मीटर लगवाएं।