संवाद न्यूज एजेंसी
पुलवारा/ललितपुर। ब्लॉक बार मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जिम्मेदारों की उदासीनता के चलते स्वास्थ्य सेवाएं दम तोड़ रही हैं। यहां पर मैटरनिटी विंग में ओपीडी में ताला लटक रहा है तो वहीं हैंडपंप पर गंदगी पसरी हुई है। नवनिर्मित शौचालय में ताले लटके हुए हैं। यहीं नहीं डिजिटल एक्स-रे मशीन तक स्थापित नहीं हो सकी है। हद तो तब हो गई, जब मरीजों को आई दवाइयां तक कचरे में फेंक दी गई हैं। ऐसे में जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।
बुधवार दोपहर करीब 12.30 बजे सीएचसी की मैटरनिटी विंग में महिला चिकित्सक के कक्ष में ताला लटका मिला। वहीं ओपीडी में एक पुरुष व एक महिला चिकित्सक मरीजों का इलाज करते दिखे। परिसर में नवनिर्मित शौचालयों में ताला लटका हुआ है।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि शौचालय के ताले लगे होने से उन्हें खुले में शौच के लिए जाना पड़ रहा है। परिसर में लगे हैंडपंप के समीप गंदगी से नजदीक जाना भी मुश्किल है। पानी की किल्लत से जूझना पड़ रहा है।