संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जिला पंचायत की बोर्ड बैठक में कृषि महाविद्यालय का प्रस्ताव पास किया गया। नाराहट में जिला पंचायत की 22 एकड़ खाली भूमि पर महाविद्यालय बनाने का प्रस्ताव जिला पंचायत सदस्य मनोज कुशवाहा ने पेश किया, जिसे सदन ने सर्वसम्मति से पास कर शासन को भेज दिया।
बोर्ड बैठक के दौरान सदस्यों ने ग्रामीण इलाकों में हर घर जल नल योजना के तहत पाइप लाइन डालकर सड़कों की मरम्मत का मुद्दा गरमाया। सड़क किनारे के चैंबर का कार्य अधूरा छोड़ने के कारण हो रही दुर्घटनाओं का मामला उठाया। सदन ने संबंधित विभाग को शीघ्र कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
विद्युत विभाग के बिजनेस प्लान के तहत अधूरे पड़े कार्य को पूर्ण करने के मुद्दे पर सदस्यों ने रोष प्रकट किया। मुख्य विकास अधिकारी केके पांडे ने अधिकारियों को जल्द कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों को सम्मान देने व उनकी बात गंभीरता से सुनकर समस्या निस्तारण के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री सड़क योजना, शिक्षा विभाग व लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा की गई।
इस दौरान सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश निरंजन, अपर मुख्य अधिकारी सुनील सिंह, जिला पंचायत सदस्य लीलाधर दुबे, मनोज कुशवाहा, आशीष, नरेंद्र झा, राजकुमार नायक, संजय जैन आदि मौजूद रहे।