कुम्हेड़ी में मनाया जा रहा अमर शहीद का बलिदान दिवस, शनिवार को रंगीली भजन आर्केस्ट्रा की रही धूम
संवाद न्यूज एजेंसी
महरौनी-सिलावन। कुम्हेडी में अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद के बलिदान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण निरंजन ने कहा कि महान क्रांतिकारी अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद का बुंदेलखंड के लोगों से गहरा नाता रहा है। अंग्रेज पुलिस अधिकारी की हत्या के बाद उन्होंने बुंदेलखंड में ही रहकर अपना अज्ञातवास काटा था।
27 फरवरी 1931 को गुप्तचर की सूचना पर इलाहाबाद के अल्फ्रेड पार्क में अंग्रेज अफसरों ने घेराबंदी कर आजाद पर गोलियां बरसानी शुरू कर दी। वीर सपूत ने डटकर मुकाबला किया और 10 अंग्रेज अफसर को मार गिराया। आजाद था, आजाद हूं, आजाद रहूंगा कहकर खुद को पिस्तौल से अपनी कनपटी में गोली मारकर वीरगति को प्राप्त हो गए। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से देशभक्ति की भावना प्रफुल्लित होती है।
कुम्हेड़ी के मुख्य बाजार में अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद जनसेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत सागर के रंगीली भजन आर्केस्ट्रा के कलाकारों ने गणेश वंदना से की। इसके बाद एक से बढ़कर एक भजन व राष्ट्रगीत की प्रस्तुति दी। ‘दिल दिया है जान भी देंगे ,ए मेरे वतन के लोगों’ आदि देशभक्ति गीतों श्रोता जमकर झूमे। श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री के प्रतिनिधि चंद्रशेखर पंत ने भी राष्ट्रभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। इस दौरान विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य मनोज कुशवाहा ,राघवेंद्र, संजय भोड़ेले एमएलसी प्रतिनिधि अतुल निरंजन और मुकेश लिटौरिया, दिनेश विदुआ, रामचरण दीक्षित, संजय रावत, नीरज चतुर्वेदी, शिवचरण निरंजन आदि मौजूद रहे ।