ललितपुर। जय मां चंडी क्रिकेट क्लब द्वारा रेलवे नर्सरी ग्राउंड में आयोजित टीवीएस कप का बृहस्पतिवार का प्रथम मुकाबला टाइगर क्लब व चंडी क्रिकेट क्लब के मध्य खेला गया। दूसरा मुकाबला टीकमगढ़ क्लब और सागर क्लब के मध्य खेला गया, जिसमें चंडी क्लब व सागर क्लब विजेता रहे।
प्रथम मुकाबले में चंडी क्लब के कप्तान चिंटू ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। चंडी क्लब ने धुंआधार बल्लेबाजी कर 16 ओवर में 130 रन का लक्ष्य दिया। ओपनर राघवेंद्र यादव ने 67 रन की पारी खेली और मुकेश ने 23 रन का योगदान दिया। टाइगर क्लब के गेंदबाज राजा ने 3 और अभिषेक ने 2 विकेट लिए।
130 रन के लक्ष्य को पीछा करने मैदान में उतरी टाइगर क्लब के ओपनर संदीप भौड़ेले उर्फ पप्पू ने बेशकीमती 63 रन की पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाज खास सहयोग नहीं दे सके। अंत में रोमांचक मुकाबले में टाइगर टीम को तीन रन से हार का सामना करना पड़ा। मैन आफ द मैच का पुरस्कार पप्पू भौड़ेले को दिया गया।
वहीं, दूसरी मुकाबले में टीकमगढ़ क्लब ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया और टीम महज 80 रन का लक्ष्य खड़ा कर सकी। जीत के लिए 81 रन का लक्ष्य पार करने के लिए मैदान में उतरी सागर क्लब की टीम ने 7 ओवर में लक्ष्य को पाकर 8 विकेट से जीत हासिल कर ली।
उक्त मैच के दौरान अंपायर की भूमिका आदित्य रिछारिया, शुभम व्यास व कमेंटेटर की भूमिका सलमान खान व विभाषु तिवारी ने निभाई। इस दौरान हेमंत जैन रोड़ा, अंकित यादव, रानू यादव, मनोज सोनी, मोंटी शुक्ला, वैभव पुरोहित, अंजुल रिछारिया, अंकुर शर्मा, आनंद दुबे, उमेश पाल, राहुल शर्मा, नितिन आदि उपस्थित रहे।