सीडीओ ने की स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा, लापरवाह एमओआईसी व चिकित्सकाें पर जताई नाराजगी
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मुख्य विकास अधिकारी ने रविवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक चिकित्सा विभाग अधिकारियों के साथ की। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा में लापरवाह अधिकारियों व चिकित्सकों को फटकार लगाते हुए कार्य में सुधार के निर्देश भी दिए।
मुख्य विकास अधिकारी शेष नाथ चौहान ने संस्थागत प्रसव व एनआरसी में अपेक्षाकृत गंभीर कुपोषित बच्चों को रेफर न कराए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। कहा कि एनआरसी में रेफर कराया जाने और उनको 15 दिन एनआरसी रोककर इलाज के साथ अच्छा पोषित भोजन की उपलब्धता एवं उनके परिवारीजनों को स्वास्थ्य के प्रति जागरुक करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बार-बार चेतावनी देने के बाद भी कार्य में शिथिलता बरतने पर बार, बिरधा और जखौरा के आरसीएच ऑपरेटरों की सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए।
मातृ मृत्यु की समीक्षा के दौरान उपलब्ध कराई गई रिपोर्ट भ्रामक प्रतीत होने पर इसकी जांच संबंधित ऑनलाइन पोर्टल पर कराई गई। डाटा नहीं दिखा पाने पर मुख्य विकास अधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इम्तियाज अहमद, सीएमएस डॉ. गजेंद्र सिंह, डीपीआरओ कुंवर सिंह यादव, जिला सूचना अधिकारी डीएस दयाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी नीरज सिंह, पब्लिक हेल्थ स्पेशलिस्ट डॉ. सौरभ सक्सेना, डब्ल्यूएचओ से सुमित बघेल, डीएमसी समा परवीन आदि उपस्थित रहीं।