संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। बैंक से रुपये निकालकर ले जा रहे युवक की बाइक की डिग्गी से पांच लाख रुपये चोरी होने के मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को चिह्नित किया है। उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
कोतवाली सदर क्षेत्र के ग्राम पनारी स्थित पहलवान गुरुदीन कॉलेज के पास रहने वाले बृजेश विश्वकर्मा मंगलवार को सुपर मार्केट स्थित सेंट्रल बैंक से पांच लाख रुपये निकालकर बाइक की डिग्गी में रखकर रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे थे। तुवन चौराहे के पास उनकी बाइक पंचर हो गई। वह पंचर बनवाने लगे। इसी दौरान हाथ में धूल लगने पर वह दुकान में रखी टंकी पर हाथ धोने चले गए। वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि बाइक की डिग्गी खुली हुई थी और उसमें रखे रुपये गायब थे।
पीड़ित ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन रुपयों का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात की सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी और एसओजी प्रभारी अतुल तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान दो बाइक सवार युवक संदिग्ध अवस्था में नजर आए। फुटेज में दोनों युवक बैंक से ही बृजेश विश्वकर्मा का पीछा करते हुए तुवन चौराहे तक दिखाई दिए और घटना के बाद वहां से तेजी से निकलते भी दिखे।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो संदिग्ध युवकों को चिह्नित किया गया है। उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।