ललितपुर। आपराधिक मामलों में आरोपियों की जमानत लेने वालों के खिलाफ चलाया जा रहा सत्यापन अभियान में सात और पेशेवर जमानतदारों के नाम प्रकाश में आने पर कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग दो रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपियों ने कई मामलों के आरोपियों को फर्जी दस्तावेज और कूटरचित जमानत कागजों का उपयोग करके जमानत दी थी।
फर्जी दस्तावेजों और कूटरचित दस्तावेजों का उपयोग कर आपराधिक मामलों में आरोपियों से कोई संबंध न होने के बाद भी आर्थिक लाभ लेकर जमानत देने वालों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेई के आदेश पर सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इस सत्यापन अभियान के तहत की जा रही जांच में प्रतिदिन नए खुलासे हो रहे हैं और पेशेवर जमानतदारों के नाम प्रकाश में आ रहे हैं। यह पेशेवर जमानतदार थाना-कोतवाली में दर्ज आपराधिक मुकदमों के आरोपियों से मिलकर आर्थिक लाभ लेकर फर्जी दस्तावेज और कूटरचित दस्तावेज को तैयार कर उनकी जमानत करवाई थी।
कोतवाली अंतर्गत सदर चौकी पुलिस की जांच में अब पेशेवर जमानतदार के रूप में राजेश निवासी मोहल्ला नेहरू नगर, प्रेमचंद उर्फ प्रेम निवासी मोहल्ला आजादपुरा, भानुप्रताप निवासी मोहल्ला आजादपुरा के नाम प्रकाश में आए। इस पर सदर चौकी प्रभारी अभिषेक पंवार की तहरीर पर इन चारों नामजद सहित अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं कोतवाली अंतर्गत नईबस्ती चौकी पुलिस की जांच में बाबूलाल उर्फ बल्लू, पप्पू निवासी मोहल्ला नेहरू नगर, दुली निवासी ग्राम पिपरियावंशा, लक्ष्मण निवासी मोहल्ला नेहरू नगर का नाम प्रकाश में आया। इन चारों आरोपियों ने कई आपराधिक मुकदमों के आरोपियों से आर्थिक लाभ लेकर उनकी फर्जी कागजात को लगाकर जमानत कराई। पुलिस ने नईबस्ती चौकी प्रभारी आलोक कुमार सिंह की तहरीर पर चार नामजद व अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जमानत सत्यापन का अभियान चलाया जा रहा है। इसमें फर्जी तरीके से जमानत करवाने वाले आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामलों की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अजय कुमार, सीओ सदर