संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मेडिकल कॉलेज में चल रही प्रवेश प्रक्रिया के तहत काउंसलिंग के दौरान अभिलेखों में गड़बड़ी के साथ पकड़ी गई छात्रा के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
नोडल अधिकारी एडमिशन/काउंसिल समिति डॉ विष्णुदत्त पांडेय ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि मेडिकल कॉलेज में वर्ष 2024-25 के लिए एमबीबीएस छात्रों के प्रवेश काउंसलिंग का प्रथम चक्र मंगलवार को चल रहा था। इस दौरान वहां पर शिवांशी राय रोल नंबर 4419020383 ऑल इंडिया रैंक 21813 आवंटन पत्र के साथ प्रवेश लेने आई। समिति ने जांच के बाद कॉलेज आवंटन पत्र के संबंध में लखनऊ स्तर पर काउंसलिंग एडमिशन के उच्चाधिकारियों से बातचीत की। छात्रा का आवंटन पत्र प्रथम दृष्टया फर्जी प्रतीत हुआ। पुलिस ने नोडल अधिकारी एडमिशन/काउंसिल समिति डॉ विष्णुदत्त पांडेय की तहरीर पर छात्रा के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।