संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। अमेरिका में रहने वाले अपने बहनोई की पहचान चुराकर फर्जी नाम से कार्डियोलॉजिस्ट की नौकरी करने और उसी नाम पर विरासतन शस्त्र लाइसेंस हासिल करने के मामले में आरोपी अभिनव सिंह के खिलाफ कोतवाली सदर में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली सदर क्षेत्र की गोविंद सागर बांध चौकी प्रभारी सीमा प्रजापति के अनुसार, राजीव गुप्ता पुत्र चंद्रपाल सिंह, निवासी मोहल्ला तालाबपुरा के नाम से 32 बोर पिस्टल का शस्त्र लाइसेंस जारी है। जांच में सामने आया है कि वास्तविक नाम अभिनव सिंह पुत्र चंद्रपाल सिंह है, जिसने कथित रूप से अपने बहनोई राजीव गुप्ता की पहचान का इस्तेमाल कर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और उसी नाम पर विरासतन शस्त्र लाइसेंस प्राप्त कर लिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने फर्जी पहचान के आधार पर न सिर्फ दस्तावेजों में हेरफेर किया, बल्कि सरकारी रिकॉर्ड में भी गलत जानकारी दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और तथ्यों की जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।