ललितपुर। थाना पाली अंतर्गत ग्राम पटउआ स्थित नेशनल हाईवे पर कार की टक्कर से बाइक सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि पति घायल हो गया, जिसका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। जानकारी मिलने पर थाना पाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना नाराहट अंतर्गत ग्राम गदनपुर निवासी तिलक सिंह यादव अपनी पत्नी प्रभा देवी के साथ बिरधा स्थित हॉस्टल में अपने बेटे से मिलकर बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। अभी वह ग्राम पटउवा स्थित नेशनल हाईवे 44 पर ही पहुंचे थे कि पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों पति पत्नी घायल हो गए। राहगीरों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरधा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। जबकि पति को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार चल रहा है। जानकारी मिलने पर थाना पाली पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।