कोतवाली तालबेहट के पास ग्राम तेरई फाटक के पास हाईवे पर हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
तालबेहट। नेशनल हाईवे-44 पर ग्राम तेरई फाटक के पास शनिवार को एक कार सड़क किनारे खड़े लोडर (तीन पहिया) से टकरा गई। इससे कार में सवार एक वृद्धा सहित तीन लोग चोटिल हुए। वृद्धा की हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
कोतवाली तालबेहट अंतर्गत ग्राम तेरई फाटक के पास शनिवार की रात करीब 8 बजे एक कार झांसी से ललितपुर की ओर आ रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े लोडर से कार टकरा गई। इससे कार में सवार 55 वर्षीय राजू, 40 वर्षीय रंजना और 80 वर्षीय शांति निवासी झांसी चोटिल हो गए। कार सवार घायलों को चौकी तेरई फाटक पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालबेहट पहुंचाया। यहां घायल शांति की हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया गया।