झांसी की ओर से शहर में आते समय जिला कारागार के पास हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शहर के जिला कारागार के पास शुक्रवार की देर रात को चार पहिया कार के आगे वाले हिस्से में अचानक आग लग गई। चालक ने कार को रोक कर पास में रखे प्याऊ के घड़ों का पानी डालकर आग पर काबू पाया।
शुक्रवार की रात को झांसी की ओर से एक चार पहिया कार शहर की ओर आ रही थी। अभी कार जिला कारागार के पास ही पहुंची थी, तभी कार के आगे वाले हिस्से में आग लग गई। यह देखकर कार चालक ने तत्काल कार को रोक दिया। कार चालक सहित उसमें बैठे तीन अन्य लोग बाहर निकले। चालक ने पास में स्थित प्याऊ के रखे घड़ों में भरे पानी को कार के अगले हिस्से पर डालकर आग पर काबू पाया। कार सवार लोग मध्य प्रदेश क्षेत्र के बताए जा रहे है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि रात को कार में आग लगने की सूचना मिली थी। लेकिन इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। इसका वीडियो साेशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है।