घने कोहरे के कारण जहां एक ओर ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है, वहीं अधिकांश ट्रेनों की रफ्तार भी धीमी हो गई है। जिससे ललितपुर में ठहराव वाली श्रीधाम एक्सप्रेस रद्द रही, तो सचखंड 22 घंटे और शताब्दी एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे की देरी से आई।
उत्तरी क्षेत्र में घना कोहरा होने का सबसे अधिक प्रभाव ट्रेनों पर पड़ रहा है। करीब एक माह से अधिकांश ट्रेनें लेट चल रही हैं। बीते दिनों कोहरा में कुछ कमी होने से ट्रेनों की गति में कुछ सुधार हुआ था, लेकिन अब घने कोहरे ने ट्रेनों की गति को फिर से धीमा कर दिया है। रात्रि के समय घना कोहरा होने के चलते कई ट्रेनों की रफ्तार तो मात्र 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा या फिर इससे भी कम रही। इससे अधिकांश ट्रेनें चार से पांच घंटे तक लेट चल रही हैं। जबकि कुछ ट्रेन 10 से 12 घंटे और कुछ 20 घंटे से अधिक लेट पहुंच रही हैं। मंगलवार को ललितपुर में ठहराव वाली भोपाल की ओर जाने वाली श्रीधाम एक्सप्रेस रद्द रही।
वहीं सोमवार को आने वाली सचखंड एक्सप्रेस मंगलवार को 22 घंटे देरी से आई। भोपाल की ओर जाने वाली अन्य ट्रेनों में दक्षिण एक्सप्रेस 5.35 घंटा, मालवा एक्सप्रेस 3.55 घंटा, साबरमती एक्सप्रेस 10 घंटा, कुशीनगर एक्सप्रेस 2.45 घंटा, पंजाब मेल एक्सप्रेस 5.13 घंटा, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस 3.50 घंटा, झेलम एक्सप्रेस तीन घंटा, उत्कल एक्सप्रेस तीन घंटे, पातालकोट एक्सप्रेस 5.41 घंटा लेट रहीं। जबकि गोंडवाना एक्सप्रेस के 12.38 घंटा लेट होने से अब यह बुधवार को दोपहर तक आने की संभावना जताई गई है।
वहीं मंगलवार को नई दिल्ली से भोपाल जाने वाली वीआईपी ट्रेन शताब्दी एक्सप्रेस 3.28 घंटे जबकि भोपाल से नई दिल्ली जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन 3.45 मिनट लेट आई। कोहरा में सुधार नहीं होने के चलते फिलहाल ट्रेनों की स्थिति कुछ दिन और ऐसे ही रहने की संभावना जताई जा रही है।