ललितपुर। मुहल्ला घुसयाना स्थित प्राइवेट बस स्टैंड स्थानांतरित किया जाएगा। हवाई पट्टी के पास नजूल की जमीन को चिह्नित करने के निर्देश डीएम डा. रूपेश कुमार ने एसडीएम रमेश चंद्र को दिए हैं।
वर्तमान में प्राइवेट बस स्टैंड मुहल्ला घुसयाना में है। लेकिन, न तो बस स्टैंड की बाउंड्रीवाल है और न बैरीकेडिंग है। बसें मनमाने तरीके से खड़ी रहती हैं। पिछले दिनों बस से टकराकर एक बच्चे का पैर जख्मी हो गया था। पास में स्थित पेट्रोल पंप तक जाम की स्थिति रहती है। इस समस्या के समाधान के लिए मुहल्ला घुसयाना निवासी नवाब बख्श, गुड़िया बानो आदि ने मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजा था। इसमें मांग की गई थी कि नगर पालिका बस स्टैंड के चारों ओर बाउंड्रीवाल बनवाए, सड़क पर डिवाइडर बनवाए और बसों को निर्धारित स्थल पर खड़ा कराया जाए। यदि इसके बाद भी बस संचालक मनमानी करते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। इसमें टैक्सियों पर भी पाबंदी लगाने को कहा गया था, क्योंकि जब कोई बस आती है तो टैक्सियां लाइन लगाकर उसके पीछे भागती हैं। इस चक्कर में यात्रियों को परेशानी होती है। कई बार तो स्थिति यह बन जाती है कि सवारी बस से उतर नहीं पाती है और टैक्सी बस के गेट से सटकर खड़ी हो जाती है। कई बार यात्रियों का टैक्सी संचालकों से विवाद भी हो चुका है।
इसे संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी डा. रूपेश कुमार ने एसडीएम रमेश चंद्र को निर्देश दिए हैं कि हवाई पट्टी के पास नजूल की जमीन को चिह्नित किया जाए। उन्होंने इसके लिए जल्दी रिपोर्ट मांगी है।