ललितपुर (ब्यूरो)। महरौनी मार्ग पर सवारियों को भरने के चक्कर में दो बसें ओवरटेक करते समय टकरा गईं। इसमें से एक बस नाले के पुल की दीवार से टिक गई। गनीमत रही कि बस नाले में नहीं गिरी, अन्यथा गंभीर हादसा हो सकता था।
शनिवार की शाम करीब साढ़े चार बजे स्पर्श बस सर्विसेज की एक बस सवारी लेकर महरौनी से ललितपुर आ रही थी। ग्राम खितवांस से करीब पांच किलोमीटर पहले एक नाले के ऊपर पीछे से आ रही अभिलाषा बस सर्विसेज की एक बस ने ओवरटेक कर कट मारा। इस दौरान दोनों बसें बगल से टकरा गईं। इसमें से एक बस नाले की रेलिंग से टकरा गई, जिससे रेलिंग क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही बस नाले में गिरने से बच गई और बड़ा हादसा टल गया। वहीं, बसों के के टकराने से दोनों बसों की सवारियां दहशत में आ गई और बसों से उतर गईं। यात्रियों को लेकर दोनों बसों के स्टाफ सड़क पर आपस में झड़प में करने लगे। हादसे की जानकारी महरौनी पुलिस को दी गई, मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने बसों में सवारियों को बैठाकर आगे रवाना किया।