मसौरा में चोरी वाले घर में बिखरा सामान
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मसौराकलां में चोरों ने रात्रि में सूने मकान के ताले तोड़कर सोने और चांदी के जेवरात और नगदी चोरी कर ली। दूसरे दिन जब गृहस्वामी लौटकर आया तो उसने घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी।
ग्राम मसौराकलां निवासी विनोद कुमार साहू पुत्र रामचरन साहू ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बीते 13 सितंबर को घर में ताला लगाकर किसी काम से बाहर चले गए थे। उसी दिन देर रात्रि में चोरों ने उसके घर के कमरों के पांच ताले तोड़कर कमरों में रखे कीमती सामान गैस सिलेंडर, चूल्हा, कपड़ा, बैटरी, इंवर्टर, टीवी, एक जोड़ी चांदी की दो सौ ग्राम की पायलें, दो सोने की अंगूठी छह ग्राम और 26 हजार रुपये, सोने का मंगलसूत्र एक तोला, सोने का हार डेढ़ तोला आदि चोरी करके ले गए। जब वह दूसरे दिन घर लौटा, तो घर का सारा सामान बिखरा हुआ था। दरवाजों के ताले टूटे थे और दरवाजों के तालों की कुंडियां भी टूटी पड़ी थीं। कुछ ताले टूटे हुए जमीन पर पड़े थे। अलमारी के सामान और कपड़े बाहर बिखरे पड़े थे। जबकि पूरी अलमारी खाली पड़ी थी। कुछ सामान सब्बल आदि बाहर बगीचे में पड़े मिले। इसके बाद घटना की जानकारी डायल 112 को दी। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस से अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की है।
मसौरा में टूटा पड़ा ताला- फोटो : LALITPUR