ललितपुर। तुवन मंदिर प्रांगण में चल रहे ललितपुर महोत्सव का 15वां दिन बुंदेली लोकगीतों के नाम रहा। बुंदेली लोकगीत गायक देशराज पटैरिया ने एक से बढ़कर एक लोकगीत प्रस्तुत किए।
शुक्रवार को महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत सदर विधायक रमेश कुशवाहा, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रदीप चौबे, समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष अजीज कुरैशी और कांग्रेस जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद कुशवाहा ने दीप जलाकर किया। अतिथियों ने अपने वक्तव्य में ललितपुर महोत्सव की प्रशंसा की।
उन्होंने कहा कि महोत्सव के आयोजन से नगरवासियों को मनोरंजन का साधन प्राप्त हुआ है। नगरपालिका की ओर से शुरू की गई महोत्सव की परंपरा सराहनीय है।
देशराज पटैरिया ने लोकगीतों में मोरे बुंदेखंड मईया बड़ी बड़ी हो गुईयां..., पग मार के चली झटका मार के चली..., नई नई दुल्हन सज गई घुंघटा में दोऊ नैन कजरारे... आदि लोकगीत प्रस्तुत किए। वहीं, सविता यादव ने मोरो सूनो डरो लिलार, बेंदा ले गई लांगुरिया..., गजब रीत चली दुनिया में... आदि गीत गाए। दोनों कलाकारों ने युगल गीत भी प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष सुभाष जायसवाल, अधिशासी अधिकारी राकेश कुमार, पार्षद अनुराग अन्नू चौबे, शरीफ कुरैशी, जगदीश यादव, इदरीश राइन, अनुराग जैन शैलू, भवानी यादव, महेंद्र कुमार सिंघई, पार्षद अशोक गुड्डू तिवारी, अशोक पंथ, रमेश कुशवाहा, अमरदीप रजक, श्रीराम, अफलुल रहमान,भोलू, रजनीश समैया, गिरधारी यादव उपस्थित रहे। संचालन दिनेश गोस्वामी ने किया।
हास्य कवि सम्मेलन आज
शनिवार को महोत्सव में हास्य कवि सम्मेलन होगा। इसमें भाग लेने के लिए साजन ग्वालियरी, कमलेश दुबे रतलाम, बृजेंद्र चकोर धौलपुर, पुष्कर देशमुख नागपुर, लता संगम बालाघाट, सुनील समैया बीना, राखी पटैरिया उज्जैन, डीपी पारदर्शी झांसी आदि कवि आ रहे हैं।