झांसी। अभी तक विषम सेमेस्टर की परीक्षाओं के फार्म भरे नहीं गए हैं और बुंदेलखंड विवि ने 15 नवंबर से परीक्षाएं कराने की तैयारी शुरू कर दी है। हर कक्षा 15 मिनट तक बढ़ाने और अवकाश में ऑनलाइन व ऑफलाइन पढ़ाने के आदेश शुक्रवार को जारी कर दिए गए। 10 नवंबर तक हर हाल में पाठ्यक्रम पूरा कराने को कहा है।
समर्थ पोर्टल की खामी की वजह से यूजी-पीजी की प्रवेश की प्रकिया पखवाड़ाभर पूर्व तक चली है। इसके साथ ही बीयू ने विषम सेमेस्टर के परीक्षा फार्म समर्थ पोर्टल पर भरवाना शुरू कराया है, मगर तकनीकी कारणों के चलते विद्यार्थी परीक्षा फार्म नहीं भर पा रहे हैं। बीयू प्रशासन ने दावा किया था कि दीपावली के बाद समस्याओं का निदान करा दिया जाएगा। मगर, हैरानी यह है कि शुक्रवार को भी विद्यार्थी परीक्षा फार्म नहीं भर सके।
परीक्षा नियंत्रक ने पत्र जारी करके कॉलेजों, विभागाध्यक्षों, समन्वयकों आदि में खलबली मचा दी है।उन्होंने कहा है कि शिक्षा सत्र 2025-26 की यूजी-पीजी (व्यावसायिक व गैर व्यावसायिक) विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं 15 नवंबर से प्रस्तावित हैं। कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय ने निर्देशित किया है कि अवकाश के दिनों में भी ऑनलाइन-ऑफलाइन मोड में अतिरिक्त कक्षाएं लगाकर पाठ्यक्रम पूर्ण कराएं।