बुंदेलखंड विवि ने बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा में शामिल परीक्षार्थियों की ओएमआर सीट जांचने के बाद रैंडम जांच की प्रक्रिया भी पूर्ण कर ली है। अब एक्सपर्ट की टीमें परिणाम की गंभीरता से क्राॅस चेकिंग कर रही हैं। सूत्रों का कहना है कि परिणाम संभवत 16 जून को जारी होगा।
विज्ञापन
बताते चलें, बीयू ने बीएड की संयुक्त प्रवेश परीक्षा 31 मई को हुई थी। प्रदेश के 1,011 सेंटरों पर हुई परीक्षा में चार लाख से ज्यादा परीक्षार्थी शामिल हुए। बीयू कुलपति ने विगत वर्ष की तरह एक पखवाड़े के अंदर ही परिणाम जारी करने का लक्ष्य तय किया। इसके चलते तीन जून से ही दिन-रात ओएमआर सीट की चेकिंग शुरू करवा दी। परिणाम में किसी तरह की गलती नहीं हो, इसलिए कई स्तर पर चेकिंग कराई जा रही है। पहली पारी में शामिल परीक्षार्थियों की संख्या की दो फीसदी और दूसरी पारी के परीक्षार्थियों की संख्या के डेढ़ फीसदी ओएमआर सीट की रैंडम चेकिंग कराई गई, जो शुक्रवार को पूर्ण हो गई। अब कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय की देखरेख में एक्सपर्ट की टीमें ओएमआर सीट की क्रास चेकिंग कर रही है। यह काम सोमवार तक पूर्ण हो जाएगा। 16 जून को परिणाम जारी कर दिया जाएगा।