ललितपुर। तालबेहट, ललितपुर, महरौनी व टीकमगढ़ के बीच बीएसएनएल की फाइबर लाइन कट जाने से मोबाइल सेवा व नेट कनेक्टिविटी पूरी तरह से फेल हो गई है, जिसके चलते सरकारी व गैरसरकारी संस्थानों में दो दिन में करोड़ों का कारोबार प्रभावित हुआ है। वहीं अन्य संस्थानों में ऑन-लाइन सेवा बंद होने से महत्वपूर्ण पत्रावलियों व डाटा का आदान-प्रदान भी बाधित रहा। दूसरे दिन मोबाइल सेवा तो बहाल कर दी गई, लेकिन बुधवार की रात तक नेट कनेक्टिविटी रिस्टोर नहीं हो सकी थी।
झांसी से ललितपुर तक बिछाई गई अंडर ग्राउंड बीएसएनएल की फाइबर लाइन अचानक कट जाने के कारण जनपद की बीएसएनएल सेवा मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे बाधित हो गई थी। वहीं सागर से जतारा-टीकमगढ़ होते हुए महरौनी की ओर बिछाई गई अंडर ग्राउंड बीएसएनएल की फाइबर लाइन भी पहले ही खराब होने से सेवा को बहाल नहीें किया जा सका जिसके चलते पूरे जनपद की बीएसएनएल सेवा दो दिन तक ठप रही। जानकारी मिलने पर बीएसएनएल विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने पेट्रोलिंग कर लाइन सुधारने का प्रयास किया, जिस पर 24 घंटे बाद बुधवार को मोबाइल सेवा तो बहाल कर दी गई, जबकि नेट कनेक्टिविटी दूसरे दिन बुधवार की रात को भी शुरु नहीं हो सकी। जिसके चलते उपभोक्ताओं को मैनुअली कार्य करने को मजबूर होना पड़ा या फिर अन्य मोबाइल सेवाओं का सहारा लेना पड़ा।
बीएसएनएल विभाग के एसडीई शिवकुमार ने बताया कि तालबेहट व ललितपुर के बीच बिछाई गई बीएसएनएल की फाइबर लाइन को चूहा या फिर अन्य जीवों द्वारा कुतर लिया गया है, जिसके चलते यह समस्या खड़ी हुई है। विभाग द्वारा लाइन में तेजी के साथ सुधारकर सेवा बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।